ओवरथिंकिंग, एंग्ज़ाइटी और मैं: अपने अंदर की दुनिया

परिचय:-
 मैं एक "ओवरथिंकर" हूं। कभी-कभी मेरा दिमाग इतना चलता रहता है, मैं इतना ज्यादा सोचने लगती हूं कि खुद को रोकना मुश्किल हो जाता है या इसी वजह से कभी "एंग्जायटी अटैक" या "डिप्रेशन" तक के पल आ जाता है। लगता है मानो पूरी दुनिया मेरे खिलाफ खड़ी है या मैं अकेली पूरी दुनिया से लड़ रही हूं।

कैसा लगता है:-
  हर छोटी-छोटी बात भी दिल पर लग जाती है हर छोटी-छोटी बात को दिल में लेकर  बैठ जाना पूरा टाइम वही बात सोचते रहना ये सब अब आम अनुभव बन चुके हैं मेरे। मन और दिल दोनों अब थक चुके हैं  पर फिर भी रुकना नामुमकिन सा लगता है।

ट्रिगर्स, समझ और खुद से जूझना:-
मेरे लिए ये महसूस करना जरूरी था कि किन चीज़ों से मेरी चिंता बढ़ती है। कभी पुराने अनुभव, कभी लोग, बार बार बीती बातों को मन मे दोहराना और कभी सिर्फ़ खुद के सोचने के तरीके – ये सब मुझे प्रभावित करते हैं। धीरे-धीरे मैंने सीखा कि खुद को समझना और अपने भावनाओं को पहचानना बहुत ज़रूरी है।,क्योंकि जब तक हम खुद को समझेंगे नहीं,
हम ये नहीं जान पाएंगे कि क्या हमारे लिए सही है और क्या हमें परेशान करता है।

अक्सर खुद को संभालते-संभालते थक जाती हूँ।
हर छोटी बात पर मेरा गुस्सा फूट पड़ता है।
लोगों की बातें भी मेरे लिए चोट बन जाती हैं।
और फिर, मैं अपने आप को दूसरों से अलग कर लेती हूँ,
कहीं दूर, अपनी सोच में खोई हुई।
ओवरथिंकिंग… ये शब्द सिर्फ़ नाम नहीं है,
ये मेरे लिए हर दिन की सच्चाई है।
कभी मैं सोचती हूँ कि क्या सही है, क्या गलत है,
और कभी ये कि लोग मेरे बारे में क्या सोच रहे हैं।
एंग्जायटी… ये मेरा constant companion है।
कभी दिल धड़कने लगता है, कभी सांसें रुक-सी जाती हैं। हाथ कांपने लगना,
छोटे-छोटे काम भी भारी लगने लगते हैं,
और मैं खुद को नीचा महसूस करती हूँ। ये वो घड़ी है जब मैं खुद को खो देती हूँ।
दिल तेज़ धड़कता है, दिमाग़ बंद-सा लगता है,
और मैं सिर्फ़ चाहती हूँ कि कोई मुझे समझे,
पर मैं चुप रह जाती हूँ। ये सोच कर की कोई नहीं समझेगा। 
कभी‑कभी मुझे लगता है कि मैं कुछ नहीं कर सकती।
मैं खुद को बाकी सबसे अलग समझने लगती हूँ,
मानो मैं “normal” इंसान हूँ ही नहीं।
ये सोच अचानक नहीं आती।
ये धीरे‑धीरे बनती है —
हर उस पल से जब मैं ज़्यादा सोचती हूँ,
हर उस दिन से जब लोगो कि छोटी‑छोटी बातें भी दिल पर भारी पड़ जाती हैं।
मज़ाक में कही गई बातें भी
मुझे तानों की तरह चुभने लगती हैं।
शायद इसलिए नहीं कि लोग गलत होते हैं,
बल्कि इसलिए क्योंकि मैं पहले से ही अंदर से थकी होती हूँ।मुझे खुद पर ध्यान देने में भी मुश्किल होती है। मैं किसी काम पर फोकस नहीं कर पाती, बातें याद रहती हैं लेकिन चीज़ें जल्दी भूल जाती हूँ।
कभी-कभी लगता है कि मैं कभी ठीक नहीं हो पाऊँगी।
पर फिर याद आता है कि ये सब सिर्फ feelings हैं,
ये मेरे अंदर के दर्द की language हैं।
और जैसे-जैसे मैं उन्हें समझती हूँ,
धीरे-धीरे मेरा मन शांत होता है।
मैं अब जानती हूँ कि गुस्सा, उदासी, डर—
ये सब मेरी कमजोरी नहीं हैं।
ये बस मेरे अंदर के emotions हैं,
जो मुझे समझने और संभालने की जरूरत है।
मैंने जाना कि मानसिक स्वास्थ्य पर काम करना आसान नहीं है। यह लंबी प्रक्रिया है – कभी छोटे कदम आगे बढ़ते हैं, कभी पीछे भी। लेकिन अपने अनुभवों को पहचानना, खुद को स्वीकारना और अपनी भावनाओं के साथ समय बिताना, यह सब बहुत जरूरी है।
मैं अब ये मानने लगी हूँ कि मेरा टूटना मेरी हार नहीं है।
शायद यही मेरी healing की शुरुआत है।